हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी विकासखंड के विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सांसद के सामने लंबे समय से लंबित मोटर मार्ग निर्माण का मामला उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट को वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सौंपा। पत्र में वन भूमि प्रत्यावर्तन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून से सैद्धांतिक और विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने सचिव वन आर.के. सुधांशु से पत्राचार किया। उन्होंने दूरभाष पर भी मामले की जानकारी लेते हुए विजयपुर गांव के लोगों की समस्या के समाधान और सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।






