श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)।
कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और फोटो/वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती मांगने के गंभीर मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई महिला अपराध की गंभीरता को देखते हुए त्वरित रूप से की गई।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 21 जनवरी 2026 को वादिनी की तहरीर पर समीर जाफरी पुत्र शमशेर अली के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि अभियुक्त ने अपना नाम समीर द्विवेदी बताकर वादिनी से दोस्ती की और बहला-फुसलाकर उसे कमरे में ले जाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पिछले लगभग एक वर्ष से वादिनी के मना करने के बावजूद अभियुक्त द्वारा लगातार पीछा किया गया और उसे ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की जाती रही।

तहरीर में यह भी उल्लेख है कि पैसे न देने पर अभियुक्त द्वारा वादिनी की अश्लील फोटो/वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना श्रीनगर में मु0अ0सं0-04/26 धारा 64, 69, 78, 308(2), 351(3) बीएनएस-2023 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी सकलानी को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर के पर्यवेक्षण में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को दिनांक 21 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अभियुक्त का विवरण:
नाम – समीर जाफरी पुत्र शमशेर अली
उम्र – 22 वर्ष
निवास – हाल पता अलकनंदा विहार, श्रीनगर
मूल पता – ग्राम व पोस्ट जटपुरा, थाना मंडावली, जिला बिजनौर (उ.प्र.)
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार के अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके




