सितारगंज | उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में बाइक लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा अपनी बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भरौनी मार्ग पर गुरमीत सिंह और उसके साथियों ने तलवार दिखाकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उनकी बाइक लूट ली।
घटना की सूचना मिलते ही एसआई ललित चौधरी और एएसआई राकेश रौंकली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जब आरोपियों के घर पहुंची तो वहां मौजूद बदमाशों ने तलवार और तमंचे से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुरमीत सिंह ने पुलिस पर फायर भी किया, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिसके बाद चारों आरोपी खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह का पिता बताया जा रहा है। साथ ही लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली गई है।
क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और वह वन तस्करी से जुड़े चार मामलों में भी शामिल रहा है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मोहन सिंह ने बताया कि बाइक लूट की घटना में गुरमीत सिंह, मक्खन सिंह और उनका साथी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू शामिल थे।



