बागेश्वर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, जंगली जानवरों के आतंक, पेंशन सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी 20 शिकायतें सामने आईं।
खास बात यह रही कि अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिजली के बढ़े हुए बिल की शिकायत पर डीएम ने एसडीओ यूपीसीएल को आज ही बिल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं, बोरब्लड़ा मोटर मार्ग की समस्या पर पीएमजीएसवाई को एक सप्ताह के भीतर सड़क को सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सीएमओ को बोरब्लड़ा में एएनएम की ड्यूटी निर्धारित करने और सीएचओ की तैनाती को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नगर क्षेत्र में जलभराव की शिकायत पर भी डीएम ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और ‘हेलो बागेश्वर’ पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक समय से लंबित यूपीसीएल की तीन शिकायतों को लेकर डीएम ने अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को संबंधित शिकायतकर्ताओं से आज ही वार्ता कर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाली हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, उप जिलाधिकारी प्रियंका रानी, अनिल चन्याल सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




