बागेश्वर। सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विद्युत, आपदा, पेयजल, मोबाइल नेटवर्क सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

हेलो बागेश्वर की शिकायतों की भी समीक्षा
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी ने हेलो बागेश्वर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में जीरो पेंडेंसी पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए जीरो पेंडेंसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कॉलिंग प्रतिशत कम होने पर कार्रवाई की चेतावनी
जनशिकायतों के संबंध में की जाने वाली फीडबैक कॉलिंग की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कॉलिंग प्रतिशत शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग का कॉलिंग प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के वेतन आहरण पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करें।






