Home » ताजा खबरें » कुमाऊं में परिवहन व्यवस्था को लेकर आरटीए के बड़े फैसले, जसपुर-टनकपुर बस संचालन को मंजूरी

कुमाऊं में परिवहन व्यवस्था को लेकर आरटीए के बड़े फैसले, जसपुर-टनकपुर बस संचालन को मंजूरी

हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में परिवहन व्यवस्था को और बेहतर एवं सुगम बनाने की दिशा में संभागीय परिवहन प्राधिकरण ने कई अहम फैसले लिए हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में संभागीय परिवहन प्राधिकरण, हल्द्वानी संभाग की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न मार्गों पर परिवहन सुविधाओं के विस्तार और नए परमिट जारी करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। इसके अलावा जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन तथा वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र में 8 जिप्सियों के संचालन की अनुमति दी गई।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति जारी किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परमिट प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए, ताकि आमजन, परिवहन व्यवसायियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने परमिट से संबंधित प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कॉर्बेट एवं अन्य क्षेत्रों में जिप्सी संचालन को लेकर वन विभाग से वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर आवश्यक जिप्सियों की मांग का विस्तृत विवरण प्राप्त करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवरण के समुचित परीक्षण के बाद ही आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन को लेकर निर्णय लिया जाए।

बैठक में विभिन्न मार्गों पर बस संचालन की मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार परिवहन परमिट जारी किए जा सकें।

वहीं, निर्धारित मार्ग से अलग अथवा निर्धारित रूट के विपरीत वाहन चलाने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market