बागेश्वर। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बागेश्वर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीम ने 30 सितंबर 2026 को यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान 37 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 3 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए। पुलिस ने यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वाहन चालकों की एल्कोमीटर से जांच की गई और शराब पीकर वाहन चलाने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।






