देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले मदन मुखिया के शव के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी मीना और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, मदन को शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले जाया गया। वहां शराब पिलाने के बाद कथित तौर पर चाकू से उसकी हत्या कर दी गई और शव को जंगल के नीचे खाई में फेंक दिया गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू को झाड़ियों में छिपा दिया गया था।
जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया कि मदन को अपनी पत्नी मीना और पड़ोसी लल्लन शर्मा के कथित प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। पुलिस का कहना है कि मदन ने लल्लन के मोबाइल में दोनों से जुड़े फोटो और वीडियो देख लिए थे और इसके बाद उसने दोनों को धमकी दी थी। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
3 अक्टूबर को जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद प्रेमनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन कराया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर लल्लन शर्मा को मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मृतक की पत्नी मीना को भी गिरफ्तार किया गया।
लल्लन की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया कथित हत्या का हथियार चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं, FSL टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर और गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में धारा 103(1) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल फोन, CCTV फुटेज, बरामद हथियार और आरोपियों के बयानों समेत अन्य साक्ष्यों का मिलान कर रही है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।






