उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने की तैयारी कर ली है। कंबोडिया में आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और स्वर्ण पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड की खेल प्रतिभाएं अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना दम दिखाने के लिए तैयार हैं। कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में 24 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोविनाम चैंपियनशिप में प्रदेश के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा किसी से कम नहीं हैं। खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और स्वर्ण पदक जीतकर लौटने की शुभकामनाएं भी दीं।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह रावत और महासचिव विनोद लखेरा के मुताबिक, प्रतियोगिता में उत्तराखंड के पांच खिलाड़ी भारतीय टीम की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इनमें ऊधम सिंह नगर जिले की बबीता अधिकारी, तेजस्विनी और हर्षित कुमार, नैनीताल जिले के सागर सिंह अधिकारी और हरिद्वार के अजय शर्मा शामिल हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी और वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अब प्रदेशवासियों की निगाहें इन पांच खिलाड़ियों पर टिकी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा बुलंद करने के इरादे से कंबोडिया में उतरेंगे।







