Home » ताजा खबरें » खटीमा में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट; धार्मिक स्थलों के विकास पर भी जोर

खटीमा में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड में बनेंगे 20 नए छठ घाट; धार्मिक स्थलों के विकास पर भी जोर

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा की। ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिलों में बनने वाले इन घाटों से छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दीपावली मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

काशीपुर से खटीमा तक बनेंगे छठ घाट

मुख्यमंत्री धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित विभिन्न स्थानों पर छठ घाट बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट और चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा के लिए घाट बनाए जाएंगे।

धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त केदारनाथ धाम को भव्य और दिव्य स्वरूप देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड में चारधाम के विकास की तर्ज पर मानसखंड में भी पौराणिक मंदिरों का पुनर्निर्माण और धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

3 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का निर्माण कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करना और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market