बागेश्वर गरुड़ के सिमार संगम स्टेडियम में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में एक शानदार पहल देखने को मिली, जहां अमित रावत द्वारा कत्यूरी घाटी में पहली बार आयोजित महिला प्रीमियर लीग का भव्य शुभारंभ किया गया। इस लीग का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा और थाना बैजनाथ की उपनिरीक्षक विनीता बिष्ट की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकार जगदीश पाण्डेय, दिनेश नेगी और कृष्णा गाड़िया ने सभी महिला खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महिला प्रीमियर लीग का पहला मुकाबला सोमेश्वर की क्याप्प स्ट्राइकर्स और लखनी माहि इलेवन के बीच खेला गया। मैच का टॉस वरिष्ठ पत्रकार जगदीश पाण्डेय ने कराया, जिसमें लखनी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और आत्मविश्वास देखने को मिला, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। सोमेश्वर के प्रसिद्ध सोशल मीडिया स्टार संदीप भी इस मौके पर मौजूद रहे, जिनकी मौजूदगी ने मैच के माहौल को और भी रोचक बना दिया।
स्थानीय दर्शक दूर-दराज़ के क्षेत्रों से इस महिला क्रिकेट मुकाबले को देखने पहुंचे, जिससे पूरे मैदान में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। इस दौरान सोमेश्वर की क्याप्प स्ट्राइकर्स ने लखनी माहि इलेवन को 108 रनों से हराया। प्रीमियर लीग न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दे रही है, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर महिला क्रिकेट को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हो रही है।




