बड़कोट (उत्तरकाशी), 13 जनवरी 2026।रवांई रेंज के अंतर्गत बड़कोट क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नोनीयाली तोक में एक भालू ने महिला पर अचानक हमला कर दिया। हमले में अमरा देवी (पत्नी गजेंद्र सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना प्रातः करीब 7 बजे की है। अमरा देवी किसी कार्य से घर के आसपास थीं, तभी जंगल की ओर से आए भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को खदेड़कर महिला की जान बचाई।
घायल अवस्था में अमरा देवी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़कोट लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्चतर चिकित्सालय रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा स्थानीय लोगों को जंगल क्षेत्रों में सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की अपील की गई है।
लगातार वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




