Home » ताजा खबरें » दर्शानी गांव में गुलदार का हमला, घास काट रही महिला घायल

दर्शानी गांव में गुलदार का हमला, घास काट रही महिला घायल

बागेश्वर जिले के गरुड़ ब्लॉक के दर्शानी गांव में गुलदार ने घास काट रही महिला पर अचानक हमला कर दिया। हमले में 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी महेंद्र पांडे घायल हो गईं। एक महीने के भीतर गुलदार के हमले की यह दूसरी घटना सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गीता देवी घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हल्ला किया, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया।

ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. गौतम परिहार ने बताया कि महिला के दाहिने पैर में गहरा घाव है। फिलहाल गीता देवी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, बालकृष्ण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट और विनोद भट्ट अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना।

वहीं, वन विभाग की टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से घटना की जानकारी ली। बैजनाथ वन रेंज से वन आरक्षी भुवन सिंह रावत, चंदन कुमार और नंद राम मौके पर पहुंचे। वन विभाग की ओर से बताया गया कि घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गुलदार के हमले की लगातार सामने आ रही घटनाओं से दर्शानी गांव और आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

1 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market