Home » ताजा खबरें » बागेश्वर में चोरों का तांडव, एक ही रात में कई दुकानों के ताले टूटे

बागेश्वर में चोरों का तांडव, एक ही रात में कई दुकानों के ताले टूटे

बागेश्वर नगर में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाकर चोर करीब 90 हजार रुपये की नकदी और 10 मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर गए। इतना ही नहीं, करीब पांच अन्य दुकानों के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया गया।

घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और नगर में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि बीती देर रात चोरों ने नगर की कई दुकानों को निशाना बनाया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक दुकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल होता और सामान निकालता हुआ दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

वहीं, व्यापारियों का कहना है कि बागेश्वर नगर में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि नगर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

वहीं व्यापारी राजेश जोशी ने बताया कि उनकी दुकान में भी चोरों ने सेंधमारी की। उनके मुताबिक दुकान से छह मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान के अलावा आसपास की कई अन्य दुकानों में भी चोरी का प्रयास किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई है।

पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह के मुताबिक, चोरी की सूचना मिलते ही करीब पांच पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

फिलहाल, एक ही रात में कई दुकानों में हुई चोरी ने बागेश्वर नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है—एक तरफ चोरों को जल्द गिरफ्तार करना और दूसरी तरफ नगर में रात्रि गश्त व सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर व्यापारियों का भरोसा कायम रखना।

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market