Home » ताजा खबरें » रवाईखाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा बहुउद्देशीय शिविर, 246 ग्रामीणों ने लिया योजनाओं का लाभ

रवाईखाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा बहुउद्देशीय शिविर, 246 ग्रामीणों ने लिया योजनाओं का लाभ

रवाईखाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को रवाईखाल इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी ली।

शिविर में ग्रामीणों ने कुल 26 शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को शेष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के साथ महिलाओं और किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

इस दौरान रीप की ओर से कौशल्या देवी और मनीषा को 13 लाख रुपये, एनआरएलएम की ओर से 39 स्वयं सहायता समूहों को 16 लाख रुपये, उद्योग विभाग की ओर से हरीश चंद्र को 2.50 लाख रुपये तथा बालक राम को 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। कृषि विभाग ने नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह, बोहाला को 4 लाख रुपये की सहायता के साथ फार्म मशीनरी बैंक भी उपलब्ध कराया।

प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना (CMSSY) के तहत उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) वैन का भी शुभारंभ किया। इस वैन के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रितों को उनके निकटवर्ती क्षेत्रों में बुनियादी स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक लैब जांच की सुविधा मिल सकेगी।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, सेवायोजन, वन, कृषि एवं उद्यान, उद्योग, श्रम और पूर्ति सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

शिविर में कुल 246 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 190 लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं से संबंधित 23 आवेदन पत्र भी भरे गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, जिला महामंत्री संजय परिहार, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Advertisement
Cricket Score
सबसे ज्यादा पड़ गई
Rashifal
Share Market